पटना : बिहार विधान परिषद की आठ सीट पर हुए चुनाव के लिए मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। इन सीट पर कुल 150 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य के आठ केंद्र पर चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गिनती की जा रही है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर को हुए मतदान में 82.85 प्रतिशत और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 53.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
चुनावी मैदान में उतरे 150 उम्मीदवारों में स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के 90 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के 60 उम्मीदवार शामिल हैं। जिन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतगणना हो रही है, उनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के साथ-साथ पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए पूर्णिया स्थित बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के क्षेत्रीय कार्यालय में मतगणना हो रही है। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतों की गिनती सारण स्थित एसवीएन राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में की जा रही है। वहीं, तिरहुत के दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी के प्रशासनिक भवन में मतगणना केंद्र बनाया गया है।
पटना में बांकीपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतों की गिनती हो रही है, जबकि दरभंगा के दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए खेल भवन-सह-व्यायामशाला में मतगणना की जा रही है।
विधान परिषद के मौजूदा आठ सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर समाप्त हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चार सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उसकी सहयोगी जनता दल (यूनाइटेड) ने शेष चार सीट पर प्रत्याशी खड़े किए हैं। प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी सभी आठ सीट पर चुनाव लड़ रही है।
विधान परिषद के जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है उनमें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंसीधर ब्रजवासी और कोसी स्नातक से एनके यादव शामिल हैं। वहीं, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक से अफाक अहमद का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है।
चुनाव प्रचार के दौरान जनता दल (यूनाइटेड) में उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का खुलकर समर्थन किया।
पार्टी ने कथित तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में 24 अक्टूबर को अनंत सिंह और उनकी पत्नी एवं पूर्व विधायक नीलम देवी को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था।
इस बीच, जन सुराज पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान अपने दो उम्मीदवार भी बदल दिए। पार्टी ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भूषण झा की जगह श्याम नंदन यादव को, जबकि दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में रविंद्र यादव की जगह मोहम्मद इम्तियाज (नूरानी) को उम्मीदवार बनाया।
