दीपावली अत्यंत खूबसूरत त्योहार है। इस पर्व पर आकर्षक साज- शृंगार का विशेष महत्व है। ऐसे में आकर्षक ढंग से सजना-संवरना भला किसे नहीं भाता। आइए इस दीपावली पर आप कुछ इस तरह अपने रूप को निखारें, कुछ ऐसे परिधान व जेवर चुनें जिनमें झिलमिलाहट के साथ साथ आपके सौंदर्य की भी दमक नजर आए-
दीपावली से कुछ पहले ही त्वचा पर खास ध्यान दें ताकि त्वचा पर मैल और धूल न जमें। त्वचा की सुंदरता के लिए सूखी त्वचा वाले क्लींजिंग जैल का इस्तेमाल करें।
तैलीय त्वचा वालों के लिए पुदीना, गुलाब, लैवेंडर और नींबू से बने क्लीजिंग लोशंस फायदेमंद होते हैं।
पेडीक्योर व मेनीक्योर द्वारा हाथ-पैरों की खोई हुई नमी, चमक, स्निग्धता वापस पाएं व रोज रात को मॉइश्चराजर या स्किन टॉनिक लगाएं।
दीपावली के दिन शाम को त्योहार की गतिविधियां शुरू होने से पहले ठंडे गुलाब जल में रूई के पैड्स डुबोकर आंखों के ऊपर लगा लें । इससे आपकी थकान दूर होगी और आंखों में आ जाएगी एक अनोखी चमक ।
समय निकालकर त्वचा के अनुकूल उबटन लगाएं। इससे मृत त्वचा हट जाती है व संपूर्ण शरीर में एक नई कांति पैदा होती है।
दीपावली की रात चेहरे की सुंदरता बढ़ाने के लिए शैडोइंग और हाइलाइटिंग के जरिए अच्छी तरह आई मेकअप करें ।
होंठों पर लिपस्टिक के लिए चमकदार रंग का इस्तेमाल आवश्यक है अन्यथा तेज प्रकाश में फीके रंग प्रभावहीन लगते हैं।
परिधान का चयन करते समय यह ध्यान रखें कि बेशकीमती ड्रेस खरीदने की जरूरत नहीं। बस अपने व्यक्तित्व के अनुकूल उचित रंग व डिजाइन वाले होने चाहिए।
दीपावली के समय पारंपरिक भारतीय परिधान ही सबसे अधिक जंचते हैं। साड़ी, लहंगा, लांचा, गुजरात की चनिया चोली आदि भारतीय परिधानों में से किसी एक को अपने लिए पसंद कीजिए। (उर्वशी)उमेश कुमार साहू
